समय प्रबंधन

      समय प्रबंधन का हमारे जीवन में विशेषकर विद्यार्थी जीवन में बड़ा महत्व है | समय की महिमा अपरंपार है |  समय के उचित प्रबंधन पर ही हमारी प्रगति और विकास की नींव टिकी हुई है | समय बड़ा बलवान होता है | उसके महत्व को समझना और उसकी कद्र करना जरूरी है |

     समय मनुष्य की न तो प्रतीक्षा करता है और न ही परवाह | जो लोग आलस्य को छोड़कर अपने लक्ष्य को पाने का यत्न करते हैं, वे अपने लक्ष्य को पा जाते हैं | पर जो आलस्य या निद्रा के कारण पड़े रह जाते हैं, वे अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँच पाते हैं | समय प्रबंधन की अमूल्यता के बारे में कबीर ने कितनी महत्वपूर्ण शिक्षा दी है ‘ कल करे सो आज कर, आज करे सो अब, पल में परलय होयेंगी, बहुरि करेगा कब?” अर्थात् हमें  सही समय पर सब कार्य संपन्न कर लेना चाहिए |

      समय को धन के समान माना गया है | पर धन तो आते-जाते रहता है परंतु बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता | इसलिए हमें समय का कद्र करना चाहिए |

 समय प्रबंधन के लिए सुझाव

एक सूची बनाएँ

          हर दिन सुबह आप पूरा करने वाले सभी आवश्यक कार्यों को लिखकर सूची तैयार कर लें |

अपने कार्यों को प्राथमिकता दें

         अगर आपने अपने सभी कार्य कागज पर लिख लिए हैं तो तुरंत ही उन्हें प्राथमिकता दें | अपने कार्यों को सही क्रम में पूरा करते जाएँ

निर्धारित समय

         अपने समय को कुशलतापूर्वक प्रबंधन करने के लिए अपने द्वारा लिखित प्रत्येक कार्य को पूरा करने के लिए समय निर्धारित कर लें |

चेक करें

            सभी कार्यों को पूरा करते रहें तथा अपने किए कार्यों को बीच-बीच में चेक करते रहें कि कोई कार्य पूरा करने हेतु तो छूट नहीं गया है |

• विराम लीजिए

             लगातार एक के बाद एक कार्य न करें | इससे आप निराशा महसूस कर सकते हैं तथा आपके कार्यों में बाधा आ सकती है | कार्यों के बीच में विराम अवश्य लें |

• अच्छी तरह से सोए व स्वस्थ खाएँ

            यदि आप हर रात अपने 7-8 घंटे की नींद पूरी नहीं करते हैं तो आप काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पाएँगे जिससे समय प्रबंधन प्रभावित होगा | संतुलित आहार भी समय प्रबंधन में बहुत बड़ा किरदार अदा करता है |

व्यायाम / कसरत

           नियमित रूप से कसरत व व्यायाम करें | यह न केवल आपको फिट रखता है बल्कि तनाव को भी कम करता है | इससे आप अपने समय का प्रबंधन अच्छी तरह से कर सकते हैं |

            हालांकि समय को सही तरीके से प्रबंध करना बहुत मुश्किल है | पर कुछ प्रयासों के साथ इस कला को हासिल किया जा सकता है | उपर्युक्त दी गई युक्तियाँ आपको इस दिशा में मदद कर सकती है |

 धन्यवाद !

Kavita Dewangan

Teacher

Shivom Vidyapeeth, Sankra

Comments are closed.